यूपी के पूर्व सीएम और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार के पहले डीजीपी इन पर सवाल खड़े रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस सरकार में जितने भी एनकाउंटर हो रहे हैं, वो एनकाउंटर नहीं, बल्कि हत्याएं हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बहराइच में हुए एनकाउंटर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस को बिगाड़ दिया गया है। सपा ने पुलिस को बेहतर करने के लिए डॉयल 100 समेत कई सुविधाएं दी, कई कार्यालय दिए। उन्होंने कहा कि जब भी जांच होगी, तो उस पर कार्रवाई भी होगी और दोषी जेल भी जाएंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि सबने देखा था कि इस सरकार के पहले डीजीपी ने कहा था कि पुलिस जो आज एनकाउंटर कर रही है, कल इनके साथ कोई खड़ा नहीं दिखाई देगा। इनकी सरकार के पहले डीजीपी इन पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस सरकार में जितने भी एनकाउंटर हो रहे हैं, वो एनकाउंटर नहीं, बल्कि हत्याएं हैं।

ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के बहराइच स्थित महाराजगंज में हुए हत्याकांड में शामिल पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसमें दो लोगों को मुठभेड़ के दौरान पैरों में गोली लगी है। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने बताया कि 13 अक्टूबर को महाराजगंज में एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गुरुवार को बहराइच पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किये गए आरोपियों के नाम मोहम्मद फहीन (नामजद), मोहम्मद तालीम उर्फ सबलू, मोहम्मद सरफराज (नामजद), अब्दुल हमीद (नामजद) और मोहम्मद अफजल हैं।
डीजीपी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों की निशानदेही पर मर्डर में प्रयुक्त हुए हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीम उन्हें लेकर गई थी। इसी दौरान उन्होंने वहां रखे हथियारों से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों को गोली लगी है, जो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मर्डर में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद कर लिया गया है।
- बदायूं में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, कल 10 केंद्रों पर डाले जाएंगे वोट

- अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात की, बोले- ‘आज़म थे, आज़म हैं, आज़म रहेंगे’

- फ़ायरवर्क्स व्यापारियों ने सौंपा मुख्यमंत्री योगी को ज्ञापन, मिला उत्पीड़न न होने का आश्वासन

- Sadguru Shri Uday Singh Ji Maharaj Visits Ajmer Sharif Dargah, Receives Global Peace Award from Haji Syed Salman Chishty

