सहसवान (बदायूं): बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक दिव्यांग दुकानदार की जीविका के एकमात्र साधन को निशाना बनाया है। मोहल्ला चाहशीरी में देर रात अज्ञात चोरों ने एक लकड़ी के खोखे को पीछे से काटकर गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी और परचून का सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला चाहशीरी निवासी मुहम्मद आकिल शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मोहल्ले में ही एक लकड़ी का खोखा रखकर परचून की दुकान चलाते हैं। 31 जुलाई की रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने खोखे के पिछले हिस्से को काट दिया और दुकान के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने गल्ले में रखे लगभग 15 हजार रुपये नकद और परचून का काफी सामान समेट लिया और मौके से फरार हो गए।
गुरुवार सुबह जब आकिल दुकान खोलने पहुँचे, तो खोखा पीछे से कटा हुआ देख सन्न रह गए। अंदर जाने पर गल्ला खाली और सामान नदारद मिला।
पीड़ित ने तत्काल आपातकालीन सेवा डायल 112 पर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और वीडियोग्राफी की।
पीड़ित दुकानदार आकिल ने बताया कि उनकी दुकान के आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों और जुआरियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिन पर उन्हें चोरी का पूरा संदेह है। पीड़ित ने थाना सहसवान में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी है।
- बदायूं: पागल कुत्ते के काटने से गाय की मौत, दूध पीने वाले 18 लोगों ने लगवाया रेबीज का टीका

- बदायूं: राजकीय हाईस्कूल के गेट के पास शराब की दुकान का विरोध, छात्रों और ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

- सहसवान: नाधा में राधा रानी अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा अस्पताल सीज

- जच्चा-बच्चा की मौत के बाद सहसवान का सेवा हॉस्पिटल सीज, पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

- कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला: ससुराल प्रताड़ना के आरोप में युवक की आत्महत्या

