दिल्ली: पुलिस ने ऑटो सवार ‘ठग गिरोह’ का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; चोरी के जेवरात और मोबाइल बरामद

0
378
Delhi Police busts 'thug gang' operating in auto-rickshaws, two arrested.
दिल्ली: पुलिस ने ऑटो सवार 'ठग गिरोह' का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली(डॉ. एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती): दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के थाना सनलाइट कॉलोनी के अंतर्गत सराय काले खां पुलिस चौकी की टीम ने एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने की चूड़ियां, चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है। इन गिरफ्तारियों से दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के 04 मामलों को सुलझा लिया गया है।

सस्ते किराए का लालच देकर बनाते थे शिकार

पकड़े गए आरोपियों की पहचान साजिद उर्फ साहिल (27) और फहीम (46) के रूप में हुई है। पूछताछ में इनके अपराध करने के अनोखे तरीके (Modus Operandi) का खुलासा हुआ। ऑटो चालक फहीम रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर अकेले यात्रियों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को कम किराए का लालच देकर बैठाता था। ऑटो में साजिद पहले से ही यात्री बनकर बैठा रहता था।

सफर के दौरान साजिद यात्रियों को ‘पुलिस चेकिंग’ का डर दिखाकर उनका कीमती सामान और नकदी बैग में रखने को कहता था। मौका मिलते ही वह बैग से सामान पार कर देता और फिर फहीम किसी इमरजेंसी या खराबी का बहाना बनाकर यात्री को बीच रास्ते में उतारकर फरार हो जाते थे।

CCTV और ट्रैफिक चालान से खुला राज

बीते 17 जनवरी को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑटो चालक और उसके साथी ने चेकिंग का झांसा देकर उनके सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी लाजपत नगर मिहिर सकरिया और एसएचओ सनलाइट कॉलोनी अशोक कुमार की देखरेख में एसआई नागेंद्र कुमार (चौकी इंचार्ज सराय काले खां) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्ध ऑटो की पहचान हुई। जांच के दौरान पता चला कि ऑटो चालक फहीम के नाम पर भारी राशि के ट्रैफिक चालान लंबित हैं। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने बटला हाउस इलाके में छापेमारी कर फहीम को दबोच लिया, जिसकी निशानदेही पर साजिद भी पकड़ा गया।

बरामदगी और आपराधिक इतिहास

पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:

  • 02 सोने की चूड़ियाँ (शुद्ध सोना)
  • 01 चांदी की अंगूठी और 01 जोड़ी कान की बाली
  • 01 चोरी का नोकिया मोबाइल और 02 मोबाइल (अपराध में प्रयुक्त)
  • 01 ऑटो (वारदात में इस्तेमाल)

आरोपियों का प्रोफाइल:

  1. साजिद उर्फ साहिल: खजूरी खास निवासी साजिद पहले भी हत्या और चोरी जैसे 06 गंभीर मामलों में शामिल रहा है।
  2. फहीम: जनता मजदूर कॉलोनी का रहने वाला फहीम ऑटो चलाता है और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है।

पुलिस अब इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने राजधानी में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।