करीमगंज: चरागाह की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

Date:

ग्राम सभा की बेशकीमती भूमि खाली कराने के लिए राजस्व टीम गठित करने की मांग; गाटा संख्या 3542 की अवैध बिक्री का भी आरोप

मैनपुरी(सिराज हुसैन): तहसील मैनपुरी के ग्राम करीमगंज में सुरक्षित श्रेणी की चरागाह भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव निवासी अजीत पांडेय (पुत्र विजयचन्द्र) ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चरागाह की जमीन को कब्जामुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जिलाधिकारी को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम करीमगंज स्थित गाटा संख्या 2809 (रकबा 1.774 हेक्टेयर), गाटा संख्या 3541 मि० (रकबा 0.809 हेक्टेयर), गाटा संख्या 3542 मि० (रकबा 2.659 हेक्टेयर) और गाटा संख्या 3549 मि० (रकबा 3.383 हेक्टेयर) सुरक्षित श्रेणी की चरागाह भूमि दर्ज हैं। आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने इस सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। इसके अतिरिक्त, गाटा संख्या 3542 की जमीनों की अवैध रूप से खरीद-फरोख्त करने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि इस अवैध कब्जे और खरीद-फरोख्त से ग्राम सभा को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में राजस्व लेखपाल और राजस्व निरीक्षक से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद जिलाधिकारी के ‘जनता दर्शन’ में भी गुहार लगाई गई, फिर भी धरातल पर अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

अजीत पांडेय ने मांग की है कि उपजिलाधिकारी मैनपुरी के नेतृत्व में एक राजस्व टीम गठित कर भूमि की पैमाइश कराई जाए और अवैध कब्जाधारकों को तत्काल हटाया जाए।

शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख है कि गाटा संख्या 3542 करीमगंज-बिछवां मार्ग पर मुख्य सड़क के किनारे स्थित है। शिकायतकर्ता ने पूर्व उपजिलाधिकारी अमित कुमार और तत्कालीन लेखपाल रमेश चन्द्र की रिपोर्ट का हवाला देते हुए सड़क किनारे की इस बहुमूल्य भूमि को तत्काल खाली कराने का आग्रह किया है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत का संज्ञान लेकर राजस्व अभिलेखों और मौके की जांच के आधार पर क्या कदम उठाता है।

(अस्वीकरण: अवैध कब्जे और भूमि बिक्री से संबंधित ये आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।)

Share post:

Visual Stories

Popular

More like this
Related

जामिया छात्रों की बड़ी जीत: जामिया के छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के आगे झुका प्रशासन

जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन ने भूख हड़ताल कर रहे...

जामिया में छात्र आंदोलन 14वें दिन तेज: यूनियन बहाली की मांग, कैंपस में तनाव के बाद क्लास ऑनलाइन

नई दिल्ली: दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में...