मैनपुरी(सिराज हुसैन): आगरा मंडल के जनपद मैनपुरी में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चुनाव कार्यालय से पोलिंग पार्टियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया।
शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले इस चुनाव के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यह मतदान पूरी तरह से वैलट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराया जाएगा।
प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, जनपद मैनपुरी में प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं:
- स्नातक निर्वाचन: 16 मतदान केंद्र और 11 सेंटर तैयार किए गए हैं।
- शिक्षक निर्वाचन: 9 मतदान केंद्र और 9 सेंटर बनाए गए हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतदान के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रशासनिक अमला तैनात किया गया है। केंद्रों की देखरेख के लिए 12 मजिस्ट्रेट और 6 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
इतने मतदाता तय करेंगे उम्मीदवारों का भाग्य
आगरा मंडल के इस एमएलसी चुनाव में स्नातक पद के लिए 13 और शिक्षक पद के लिए 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनके भाग्य का फैसला जनपद के कुल 12,425 स्नातक मतदाता और 2,321 शिक्षक मतदाता मतदान करके करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी प्रबंध कर लिए गए हैं।
