मैनपुरी(सिराज हुसैन): उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान बड़ा दावा करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रदेश की सभी 11 स्नातक और शिक्षक एमएलसी सीटें एकतरफा जीतेगी। साथ ही उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा।
मैनपुरी में मतदान के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। उन्होंने कहा, “यह आम जनता का चुनाव नहीं, बल्कि गिने-चुने शिक्षकों और स्नातकों का चुनाव है। इसके बावजूद मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, जो लोकतंत्र में लोगों के बढ़ते विश्वास और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को दर्शाता है।”
वोटिंग में गड़बड़ी और ‘चैलेंज वोट’ पर सफाई
मतदान केंद्रों पर वोट पहले ही डाले जाने और आधार कार्ड होने के बावजूद मताधिकार से रोके जाने के आरोपों पर मंत्री ने स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को लेकर ऐसी कोई समस्या आती है, तो उसके लिए ‘चैलेंज वोट’ डालने का प्रावधान और निर्धारित प्रक्रिया है। प्रक्रिया का पालन करने पर किसी को नहीं रोका जाता है।
रामगोपाल यादव के बयान पर सपा पर हमला
सपा नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव के उस बयान पर कि एमएलसी चुनाव के नतीजों का विधानसभा चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा, मंत्री जयवीर सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि समाजवादी पार्टी ने अपनी हार पहले ही स्वीकार कर ली है।
उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा, “इनकी रटी-रटाई भाषा हो गई है—जीत जाएं तो जनता की जीत, हार जाएं तो निर्वाचन आयोग जिम्मेदार।” साथ ही, उन्होंने 2012 से 2017 तक के सपा कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जनता उस दौर को भूली नहीं है और आज भी वही कारण हैं जिनकी वजह से जनता इन्हें सत्ता से दूर रखती है।
आचार संहिता और होर्डिंग विवाद पर जवाब
मतदान केंद्र के पास बीजेपी प्रत्याशी का होर्डिंग लगे होने और इसे आचार संहिता के उल्लंघन बताए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह आम जनता का चुनाव नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का पूरी सख्ती से पालन करा रहा है। अगर कहीं कोई छुटपुट बात है, तो प्रशासन उसका संज्ञान ले रहा है।
अंत में, युवा मतदाताओं और चुनाव परिणामों को लेकर उन्होंने दोहराया कि बीजेपी सभी 11 सीटों पर ऐतिहासिक और एकतरफा जीत दर्ज करने जा रही है।
- इलाहाबाद हाईकोर्ट: आज़म खान और अब्दुल्ला आज़म की सजा निलंबन याचिका पर सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित

- जौहर यूनिवर्सिटी केस: रिकॉर्ड की सत्यापित प्रतियां देने के निर्देश, 38 भवनों के ध्वस्तीकरण मामले में सुनवाई

- उत्तर प्रदेश में बड़ा पुलिस फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, ATS से लेकर SSF तक बदली जिम्मेदारियां

- यूपी में 34 आईएएस अधिकारियों का तबादला, 14 जिलाधिकारियों का भी फेरबदल

- गौशालाओं में क्रूरता और लापरवाही की शिकायत पर बड़ा एक्शन: बरेली मण्डल में उच्चस्तरीय जाँच के आदेश

