निकोलस मादुरो ने ली वेनेजुएला के राष्ट्रपति पद की शपथ

Date:

काराकास, 11 जनवरी: निकोलस मादुरो ने शुक्रवार को वेनेजुएला के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। उन्होंने अपने तीसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति पद की शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण समारोह में क्यूबा, निकारागुआ के राष्ट्रपति शामिल हुए। मादुरो 2013 से राष्ट्रपति हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मादुरो ने शुक्रवार वेनेजुएला की राष्ट्रीय असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रॉड्रिग्ज के सामने शपथ ली। इस दौरान उन्होंने वेनेजुएला में “शांति, समृद्धि, समानता और नए लोकतंत्र” सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति के रूप में तीसरी बार शपथ लेने के बाद मादुरो ने कहा, “मैं इतिहास और अपने जीवन की कसम खाता हूं कि मैं अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा।” इसके बाद उन्हें राष्ट्रपति की पट्टी और ऑर्डर ऑफ द लिबरेटर्स मिला, जो वेनेजुएला में राष्ट्रपति के अधिकार का प्रतीक है।

मादुरो ने शपथ के बाद अपने भाषण में एक प्रमुख संवैधानिक सुधार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए व्यापक वार्ता प्रक्रिया का आह्वान किया। उनके मुताबिक ये वेनेजुएला को और लोकतांत्रिक बनाएगा। उन्होंने कहा, “इस सुधार का उद्देश्य नई अर्थव्यवस्था और समाज के आधार पर संविधान के सिद्धांतों को अप-टू-डेट करना और देश को नए तकनीकी खतरों से बचाना है।” मादुरो ने कहा, “आज मैं संवैधानिक सुधार परियोजना का मसौदा तैयार करने के लिए एक व्यापक राष्ट्रीय आयोग बनाने के हुक्मनामे पर हस्ताक्षर करूंगा, जिसका उद्देश्य लोकतंत्रीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना और वेनेजुएला के नए समाज और अर्थव्यवस्था को परिभाषित करना है।”

राष्ट्रीय चुनाव परिषद के आंकड़ों के अनुसार, मादुरो ने 51.95 प्रतिशत वोट के साथ 28 जुलाई 2024 को राष्ट्रपति चुनाव जीता था। हालांकि, उनकी जीत को लेकर सवाल भी खड़े हुए थे, लेकिन वेनेजुएला के चुनाव प्राधिकरण और शीर्ष अदालत ने मादुरो को चुनाव में विजेता घोषित किया था। 23 नवंबर 1962 को जन्मे निकोलास मादुरो साल 2013 से वेनेजुएला के राष्ट्रपति हैं। बीते कुछ समय में मादुरो की सरकार के कारण वेनेज़ुएला को भारी आर्थिक संकट का सामना भी करना पड़ रहा है।

अमेरिका ने मादुरो की गिरफ्तारी की इनामी राशि बढ़ाई

उधर अमेरिका ने मादुरो की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 2.5 करोड़ डॉलर के इनाम की घोषणा की है। पुरस्कार की राशि पहले 1.5 करोड़ डॉलर थी। इसके अलावा वेनेजुएला के गृहमंत्री डिओस्डाडो कैबेलो के लिए 2.5 करोड़ डॉलर और रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैडरिनो की गिरफ्तारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर पुरस्कार की घोषणा की है।

सरकारी तेल कंपनी पीडीवीएसए हेक्टर ओब्रेगान के प्रमुख सहित आठ अन्य अधिकारियों के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाए गए हैं। अमेरिका ने 2020 में मादुरो और अन्य को मादक पदार्थों और भ्रष्टाचार के आरोपों सहित अन्य आरोपों में दोषी ठहराया था। हालांकि मादुरो ने आरोपों को खारिज कर दिया है।

Share post:

Visual Stories

Popular

More like this
Related

Massive Fire at Karan Nagar Commercial Unit; Nearby Hospital Evacuated

Srinagar, Oct 24: A massive fire broke out late...

‘Hum Aur Tum’: A Musical Journey Through Love, Longing and the Beautiful Shades of Life

Devanand Jha and Shweta Dubey mesmerise audiences with timeless...

इबरत का मुक़ाम: औलिया की चौखट और बादशाह का मक़बरा

दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में कदम रखते ही इतिहास,...