NEET और पेपर लीक पर कांग्रेस का ‘मेगा प्लान’: देशव्यापी आंदोलन का ऐलान, 4 शहरों में छात्र सम्मेलन करेंगे राहुल गांधी

Date:

नई दिल्ली: नीट-यूजी (NEET-UG) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व धांधली के खिलाफ कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने एक बड़े राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है, जिसके तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के चार प्रमुख शिक्षा केंद्रों में ‘छात्र सम्मेलनों’ की सीरीज करेंगे।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को पार्टी के इस ‘मेगा प्लान’ की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे के मार्गदर्शन और राहुल गांधी के नेतृत्व में यह अभियान युवाओं के साथ हो रहे “सुनियोजित विश्वासघात” के खिलाफ लड़ा जाएगा।

राहुल गांधी का शेड्यूल: कब और कहां होंगे सम्मेलन?

राहुल गांधी खुद मैदान में उतरकर छात्रों, शिक्षकों और प्रभावित युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। सम्मेलनों का शेड्यूल इस प्रकार है:

  • 17 जून: कोटा (राजस्थान) – कोचिंग हब से होगी आंदोलन की शुरुआत।
  • 10 जुलाई: प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)
  • 11 जुलाई: पटना (बिहार)
  • 14 जुलाई: दिल्ली

कौन-कौन होगा शामिल? के.सी. वेणुगोपाल के मुताबिक, इन सम्मेलनों में केवल छात्र ही नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा, युवा संगठन, शिक्षक और इस पूरे परीक्षा घोटाले से सीधे प्रभावित हुए पीड़ित परिवार भी शामिल होंगे।

कांग्रेस के ‘मेगा आंदोलन’ की 4 मुख्य मांगें

इस देशव्यापी आंदोलन के जरिए कांग्रेस ने सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं, जिन्हें संसद से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा:

  1. शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत इस्तीफा दें।
  2. NEET का विकेंद्रीकरण: नीट परीक्षा के मौजूदा ढांचे को बदलकर इसका विकेंद्रीकरण किया जाए।
  3. परीक्षा शुल्क माफी: छात्रों पर से आर्थिक बोझ कम करने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस पूरी तरह खत्म की जाए।
  4. सख्त कानूनी कार्रवाई: पेपर लीक रैकेट और घोटालों में शामिल मास्टरमाइंड्स के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई हो।

ग्राउंड से लेकर डिजिटल तक… ऐसे घेरेगी कांग्रेस

कांग्रेस इस आंदोलन को सिर्फ रैलियों तक सीमित नहीं रखेगी। के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है:

  • कैंपस और कोचिंग सेंटर्स पर दस्तक: एनएसयूआई (NSUI), यूथ कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के जरिए देश भर के विश्वविद्यालयों, स्कूलों, कोचिंग सेंटरों और युवा केंद्रों पर सीधे छात्रों से संपर्क किया जाएगा।
  • डिजिटल और सोशल मीडिया कैंपेन: प्रभावित युवाओं को अपनी बात रखने के लिए सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा। सम्मेलनों की लाइव स्क्रीनिंग भी की जाएगी।

“युवाओं के भविष्य की बलि नहीं चढ़ने देंगे”

कांग्रेस महासचिव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लाखों युवा भारतीयों का भविष्य पेपर लीक, महंगी परीक्षा फीस और पारदर्शी भर्ती प्रणाली सुनिश्चित करने में सरकार की नाकामी के कारण खतरे में है। उन्होंने राहुल गांधी के हवाले से कहा, “भारतीय युवाओं की उम्मीदों और सपनों की बलि भ्रष्टाचार, अक्षमता या राजनीतिक उदासीनता की भेंट नहीं चढ़ने दी जा सकती।” बता दें कि इससे पहले 8 जून को कांग्रेस आलाकमान की बैठक में नीट घोटाले, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने का फैसला लिया गया था, जिसके पहले चरण का खाका अब सामने आ चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Visual Stories

Popular

More like this
Related