‘अब्दुल-अब्दुल’ सवाल पर भड़के सपा सांसद नदवी, बोले- किसी समुदाय का मजाक न उड़ाएं

Date:

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी रविवार को पत्रकार के एक सवाल पर नाराज हो गए। सांसद रामपुर के तोपखाना रोड स्थित अपने कार्यालय पर सपा और कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इसी दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल में पत्रकार ने ‘अब्दुल’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर नदवी ने कड़ी आपत्ति जताई।

पत्रकार ने सवाल किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है और चुनाव के समय हर राजनीतिक दल ‘अब्दुल’ को याद करता है, ऐसे में अब ‘अब्दुल’ कहां है? सवाल सुनते ही सांसद ने पत्रकार को बीच में रोकते हुए कहा कि किसी समुदाय को इस तरह एक नाम से संबोधित करना उचित नहीं है।

‘अब्दुल-अब्दुल क्या होता है?’

मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा, “आप नाम लीजिए, यह अब्दुल-अब्दुल क्या होता है? आप ‘अब्दुल’ कहकर किसी कम्युनिटी का मजाक उड़ा रहे हैं। अपने शब्द वापस लीजिए और इस तरह किसी समुदाय का मजाक मत उड़ाइए।”

सांसद ने कहा कि देश के मुसलमान सम्मानित नागरिक हैं और उन्होंने देश की आजादी, तरक्की और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘अब्दुल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर लोगों को बरगलाने की कोशिश की जा रही है।

नदवी ने कहा कि मुसलमानों को किसी एक नाम या पहचान तक सीमित करके संबोधित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपील की कि चुनावी बहस में किसी समुदाय के लिए ऐसी शब्दावली का इस्तेमाल न किया जाए, जिसे अपमानजनक या मजाक उड़ाने वाला माना जा सकता है।

शानू फसाहत के बयान पर भी जताई नाराजगी

बातचीत के दौरान पत्रकार ने सांसद को याद दिलाया कि ‘अब्दुल’ शब्द का इस्तेमाल पहले उनकी ही पार्टी से जुड़े नेता फसाहत अली शानू ने किया था। इस पर नदवी और अधिक नाराज हो गए।उन्होंने कहा, “कौन शानू फसाहत? आप अपने स्तर का सवाल करिए। पत्रकारिता का एक स्तर होता है, उस स्तर पर आकर सवाल पूछिए।”

सांसद ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस राष्ट्रीय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए आयोजित की गई है। उन्होंने पत्रकारों से राष्ट्रीय मुद्दों पर सवाल पूछने की अपील की और कहा कि बातचीत को गंभीर विषयों तक सीमित रखा जाना चाहिए।

027 में सपा-कांग्रेस गठबंधन का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस गठबंधन की मजबूती का दावा किया। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे और गठबंधन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए समन्वय समिति बनाई जाएगी।

बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार उर्फ निक्कू पंडित समेत दोनों दलों के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा स्थापना दिवस के मौके पर सांसद और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरने का संदेश भी दिया।

मतदाता सूची और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाया

नदवी ने प्रेस वार्ता के दौरान मतदाता सूची से नाम काटे जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए और विपक्षी दलों को इस मुद्दे पर मिलकर जनता की आवाज उठानी होगी।

सांसद ने रामपुर की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था की जरूरत है। सत्ता में आने पर रामपुर में मेडिकल कॉलेज और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा भी उन्होंने दिया।

भाजपा नेता ने किया पलटवार

‘अब्दुल’ शब्द को लेकर सांसद के बयान के बाद भाजपा नेता फसाहत अली शानू ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ‘अब्दुल’ शब्द आम मुस्लिम, गरीब, मजदूर और मेहनतकश तबके का प्रतीक है। शानू ने सांसद की आपत्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस शब्द को समुदाय के अपमान से जोड़ना उचित नहीं है।

नदवी और शानू के बयानों के बाद रामपुर की राजनीति में ‘अब्दुल’ शब्द को लेकर बहस तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी सांसद के बयान का वीडियो चर्चा में है और इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम मतदाताओं से जुड़े राजनीतिक विमर्श के रूप में देखा जा रहा है।

Share post:

Visual Stories

Popular

More like this
Related

जामिया में छात्र आंदोलन 14वें दिन तेज: यूनियन बहाली की मांग, कैंपस में तनाव के बाद क्लास ऑनलाइन

नई दिल्ली: दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में...

मक्का और मदीना पर हमले अस्वीकार्य: हूथियों के खिलाफ OIC ने अपनाया कड़ा रुख

दुबई/रियाद: ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) के महासचिव इस्माइल...