मैनपुरी(सिराज हुसैन): जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कोतवाली भोगांव में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि सार्वजनिक व निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम तुरंत कार्रवाई करे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चकरोड, विद्यालय, खलिहान, चारागाह, खाद के गड्ढों और तालाब जैसी सार्वजनिक जमीनों पर किसी भी स्थिति में अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक बार कब्जा हटाने के बाद यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता है, तो उसे भू-माफिया के रूप में चिन्हित कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान दिवस पर मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर ही पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम गठित कर भेजी जाए। प्रयास रहे कि समस्या का समाधान उसी दिन हो, ताकि फरियादी को तुरंत राहत मिले और जनता में शासन-प्रशासन की संवेदनशीलता का सकारात्मक संदेश जाए।
आदेश के बाद मेड़ तोड़ी तो होगी कानूनी कार्रवाई
सुनवाई के दौरान ग्राम श्योना (वर्तमान निवासी मो. गढ़ी जदीद) के बृजेश कुमार सक्सेना ने शिकायत दर्ज कराई कि उप-जिलाधिकारी भोगांव के कुरा बंटवारा आदेश के तहत धारा-24 में उनके खेत की मेड़बंदी हो चुकी थी। इसके बावजूद दबंगों ने मेड़ तोड़कर बलपूर्वक दोबारा कब्जा कर लिया। जिलाधिकारी ने तहसीलदार भोगांव को टीम गठित कर तुरंत जांच करने और धारा-24 के आदेश का अनुपालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेड़ तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए पीड़ित को जमीन पर कब्जा दिलाया जाए।
कानून व्यवस्था व महिला सुरक्षा पर सख्त निर्देश
अधिकारियों ने प्रभारी निरीक्षक भोगांव को क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि:
- अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहे और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
- महिला उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई में किसी भी स्तर पर देरी न हो।
- क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी की जाए और उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए।
