बदायूं: गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी का दिल दहला दिया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ जाने से यह बड़ा हादसा हो गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर स्टीयरिंग मोड़ा, जिससे कार बेकाबू होकर पलट गई और लगभग 50 फीट तक घिसटती चली गई। इस भीषण हादसे में नेपाल की दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सड़क पर घिसटती चली गई बेकाबू कार
जानकारी के मुताबिक, नेपाल निवासी दीपक ओली अर्टिगा कार से रुपैड़िया से चंडीगढ़ जा रहे थे। कार में कुल नौ लोग सवार थे। जैसे ही कार गंगा एक्सप्रेसवे पर कुँवरगाँव थाना क्षेत्र के लिलमा गांव के पास पहुंची, तभी अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया।
कार चला रहे दीपक ने कुत्ते को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया और गाड़ी को किनारे की तरफ मोड़ा। इसी दौरान तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर करीब 50 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई।
हादसे में तीन लोगों की मौत, कई घायल
हादसा इतना भीषण था कि नेपाल के ग्राम बेलवा (जिला डांग, थाना तुलसीपुर) की रहने वाली दीपना (32 वर्ष) और विपना सुनमगर (32 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हादसे में एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया।
कार में सवार दो बच्चों समेत अन्य लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत कुँवरगांव सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मां के शव के पास बिलखता रहा दो साल का मासूम
हादसे के बाद घटनास्थल से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई। महज दो साल का मासूम विनोद अपनी मृत मां के शव के पास बैठकर बिलखता रहा। हादसे की भयावहता से बेखबर मासूम बार-बार अपनी मां को छूकर “मम्मी… मम्मी…” कहकर पुकारता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार: मासूम अपनी मां के उठने का इंतजार कर रहा था, बेखबर कि जिस मां की गोद का सहारा लेकर वह सफर कर रहा था, वह अब हमेशा के लिए शांत हो चुकी है। मासूम की इस करुण पुकार ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
- फर्जी शिकायत से मतदाता का नाम कटवाने पर एक साल तक जेल और जुर्माना

- लखनऊ में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का कार्यकर्ता सम्मेलन: संगठन मजबूत करने और सामाजिक सद्भाव के लिए बड़ा अभियान

- डिजिटल मीडिया पर प्रतिबंध: कोगिटो मीडिया फाउंडेशन का सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान, पत्रकारों से विवरण साझा करने की अपील

- फ्रांस में हिंसा के बाद कई शहरों में आंशिक कर्फ्यू, 2,400 से अधिक गिरफ्तार; लगभग 1,000 पुलिसकर्मी घायल

- Two Dead, Including 5-Year-Old Girl, and 16 Injured in Tragic Udhampur Bus Accident

