पाकिस्तान: मेडिकल टेस्ट के बाद इमरान खान को वापस अडियाला जेल भेजा गया, शिफा अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने की जांच

0
इमरान खान
इमरान खान- फ़ाइल फ़ोटो

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा जांच के बाद वापस रावलपिंडी की अडियाला जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। जेल सूत्रों के अनुसार, खान को बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल से वापस लाया गया और उन्हें उनकी कोठरी (सेल) में भेज दिया गया है।

आधी रात को अस्पताल ले जाए गए थे इमरान खान

गौरतलब है कि इमरान खान को आधी रात के वक्त अचानक अडियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, भर्ती करने का फैसला लेने से पहले छह विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम ने उनके स्वास्थ्य की गहन जांच की। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर वापस जेल भेजने का निर्णय लिया गया।

सुप्रीम कोर्ट से पुनर्विचार याचिका खारिज

इमरान खान के स्वास्थ्य और उनके ट्रांसफर को लेकर कानूनी मोर्चे पर भी हलचल तेज है। गुरुवार सुबह पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय ने इमरान खान को अस्पताल स्थानांतरित करने के खिलाफ दायर एक पुनर्विचार याचिका (Review Petition) को कुछ तकनीकी आपत्तियों के साथ याचिकाकर्ता को वापस कर दिया।

विदेश भेजे जाने की अटकलें

इस बीच, राजनीतिक गलियारों में इमरान खान के इलाज के लिए विदेश जाने की चर्चाएं भी गरम हैं। संघीय मंत्री तारिक फजल चौधरी ने बयान जारी कर पीटीआई संस्थापक को इलाज के लिए विदेश भेजे जाने की संभावना से इनकार नहीं किया है।