दिल्ली वालों ने केजरीवाल को हमेशा प्यार दिया, इस बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज कराएंगे: भगवंत मान

Date:

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पटेल नगर, करोल बाग और मोती नगर विधानसभा में ‘‘आप’’ प्रत्याशियों के समर्थन में किया रोड शो

नई दिल्ली,17 जनवरी: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में पटेल नगर, करोल बाग और मोती नगर विधानसभा में रोड शो किया। तीनों ही रोड शो में समर्थकों का जबरदस्त प्यार और आशीर्वाद मिला। समर्थक ‘फिर लाएंगे केजरीवाल’ की धुन पर जमकर थिरकते दिखे। इस दौरान भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को हमेशा खूब प्यार दिया है। हमें पूरी उम्मीद है कि इस बार भी दिल्लीवाले अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों को अपना परिवार मानते हैं, लेकिन भाजपा वाले सिर्फ गाली-गलौंज करते हैं और इनके पास कोई मुद्दा भी नहीं है। आम आदमी पार्टी की नीयत साफ है। इसीलिए दिल्ली और पंजाब में स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिकों पर काम हो रहे हैं।

पटेल नगर विधानसभा में रोड शो के दौरान भगवंत मान ने कहा कि हम काम की राजनीति करते हैं। अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी इनकम टैक्स में कमिश्नर थे। वो चाहते तो बहुत पैसे कमा सकते थे। लेकिन उन्होंने कुर्सी छोड़कर देश के लोगों के हित में ईमानदार राजनीति का रास्ता चुना। इसके लिए उन्हें बहुत यातनाएं झेलनी पड़ी, जेल भी जाना पड़ा। विपक्ष वाले हर रोज गालियां देते हैं और कहते हैं ये कौन आ गया? क्योंकि केजरीवाल उनकी कुर्सियों के लिए खतरा बन गए। इसलिए ये सब हो रहा है। अगर वो इनकम टैक्स के कमिश्नर बने रहते तो कोई दिक्कत नहीं थी। इसी तरह जब मैं टीवी पर कॉमेडी करता था, मेरी खूब तारीफ करते थे लेकिन मैं अब आता हूं तो मुझे बुरा भला कहते हैं, क्योंकि अब उनकी कुर्सियों को खतरा हो गया।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में हमारी सरकार बने हुए पौने तीन साल हो गए। पंजाब के 90 फीसद घरों में आज बिजली का बिल जीरो आता है। दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक बने, सरकारी स्कूल और अस्पतालांे का कायाकल्प हुआ, तो पंजाब में भी इन कामों को शुरु किया गया। फरवरी 2024 में पंजाब में हमने सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) की भर्ती शुरु की। हमने एक नई पुलिस बना दी। उन्हें शानदार गाड़ी और फर्स्ट एड, स्ट्रेचर, दवा का सामान दे दिया। उनकी ट्रेनिंग कराई। एक साल से भी कम में एसएसएफ ने करीब 1500 से ज्यादा लोगों की जानें बचाई हैं। कोई सड़क दुर्घटना होने पर वो व्यक्ति को तुरंत पास के किसी भी अस्पताल में भर्ती कराते हैं। अस्पतालों को भी हमारी सरकार का आदेश है कि बिना शर्त सबसे पहले व्यक्ति की जान बचाई जाएगी। ये सारे काम इसलिए हो रहे हैं क्योंकि हमारी नीयत साफ है। हम राजनीति में भ्रष्टाचार करने या पैसा कमाने नहीं आए हैं।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली के लोग केजरीवाल को दिल से प्यार करते हैं और वो भी दिल्ली के लोगों से बहुत प्यार करते हैं। केजरीवाल दिल्लीवालों को अपना परिवार मानते हैं। बाकी दूसरे लोग तो गाली-गलौंज वाले हैं। उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस के लिए अच्छी खबर है कि वो अपना रिकॉर्ड बनाकर रखेंगे, उनको कोई घाटा नहीं हो रहा। ये लोग इस बार भी जीरो पर ही रहेंगे। उनको कोई खतरा नहीं है। इन नफरत फैलाने वालों को दिल्ली के लोग 5 फरवरी को जवाब देंगे।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि जब चुनाव होता है तो इन्हें पता नहीं पाकिस्तान कैसे याद आ जाता है? हमें क्या करना है उस देश से जो हमारे आस-पास भी नहीं है। जब चुनाव आता है तो ये लोग कहते हैं कि पाकिस्तान में टमाटर डेढ़ सौ रुपए किलो हो गए हैं। अपने यहां क्या दाम है, इनको यह भी बताना चाहिए। ये लोग केवल नफरत और डराने की राजनीति करते हैं। आम आदमी पार्टी केवल काम की राजनीति करती है। 5 फरवरी को जब आप वोट देने जाओ तो बस ईवीएम पर झाडू का बटन दबाकर वापस आ जाना।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि हम जहां-जहां जा रहे हैं, लोगों का केवल एक ही नारा है कि केजरीवाल को लाना है। दिल्ली के लोग पढ़े-लिखे और सयाने लोग हैं। 8 फरवरी को जो नतीजे आएंगे वो भाजपा के लिए चौंकाने वाले होंगे और कांग्रेस को तो पता ही है कि क्या नजीते होंगे? लोगों को सारी सच्चाई पता है और वो इसका जवाब देंगे।

करोल बाग विधानसभा में रोड शो कर सीएम भगवंत मान ने कहा कि आप लोग अपने बच्चों की शिक्षा, बुजुर्गों के इलाज और महिलाओं को दी जा रही मुफ्त बस यात्रा की सुविधा के लिए वोट डालिए। मुफ्त बिजली और पानी के लिए वोट डालिए। इतने साल की सरकार में ही आज पंजाब में 50 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां देकर मैं आज आपके सामने खड़ा हूं। पंजाब के भी सरकारी स्कूलों में इतनी शानदार शिक्षा और व्यवस्था दी जा रही है कि 2.50 लाख से ज्यादा बच्चों के मां-बाप ने अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल से निकालकर सरकारी स्कूल में दाखिला करवा दिया। लोगों के अंदर सरकारी स्कूलों को लेकर यकीन पैदा हुआ। यह सब हमने दिल्ली से ही सीखा है।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि हम अस्पतालों और स्कूल की राजनीति करते हैं और ये लोग गाली गलौज की राजनीति करते हैं। किसी के खिलाफ भी झूठा मामला बनाकर जेल डलवा दो। लोकतंत्र में ये सब नहीं चलता। अगर हिम्मत है तो सामने लड़ो। लोगों के सामने अपना एजेंडा रखो। लोकतंत्र में लोग बड़े होतें है, वो फैसला करेंगे। लेकिन ये लोग कहते हैं कि हमें ही वोट डालो फर्जी या जैसे भी हो हमें ही डालो। ऐसे नहीं चलता। ये लोग हमें जेल से डराते हैं। लेकिन हम आम लोग हैं छोटे-चोटे घरों से निकलकर आए हैं। हम डरने वाले नहीं हैं। हम सारी गरीबियां देखकर आए हैं। उससे नीचे कहां जाएंगे? ये लोग सोने की चम्माच मुंह में लेकर पैदा हुए हैं। लेकिन जब आम आदमी उठता है तो सारी आंधियां खत्म हो जाती हैं। इनको लगता है कि ये लोगों को 1,100 रुपए बांट देंगे, जूते-चप्पल और जैकेट दे देंगे तो जीत जाएंगे। दिल्ली के लोग बिकाऊ नहीं हैं।

वहीं, मोती नगर विधानसभा में रोड शो के दौरान भगवंत मान ने कहा कि मैं दिल्ली में जहां भी जा रहा हूं हर तरफ लोगों की आखों में सिर्फ अरविंद केजरीवाल दिख रहे हैं। क्योंकि अरविंद केजरीवाल ने नेता बनकर नहीं बल्कि दिल्ली के लोगों का छोटा और बड़ा भाई बनकर काम किया है। भाजपा वाले जब भी किसी राज्य में जाते हैं तो नारा देते हैं, अबकी बार इतने पार। लेकिन वह दिल्ली में ऐसा नहीं बोलते क्योंकि इनको पता है कि अबकी बार ये न इधर हैं और न यमुना पार हैं। इसलिए यहां ये नारा नहीं देते। ये लोग चाहते हैं कि गुलदस्ते में केवल कमल का फूल हो। लेकिन यह लोकतंत्र है और इस गुलदस्ते में हर तरह के फूल अच्छे लगते हैं। इन्होंने पूरा जोर लगा रखा है कि कैसे भी करके केजरीवाल को रोक लें। चाहें फर्जी वोट बनवाने पड़े या वोट कटवाने पड़ें। लेकिन 5 फरवरी को पूरी दिल्ली में झाड़ू चलने वाली है।

भाजपा कह रही है कि महिलाओं को 2500 रुपए देंगे, यह रेवड़ी नहीं तो क्या पापड़ है?: भगवंत मान

भगवंत मान ने कहा कि भाजपा वाले कहते थे कि केजरीवाल फ्री की रेवड़ियां बांट रहा है। आज भाजपा ने मेनिफ्टो जारी किया है और कहा है कि महिलाओं को 2500 रुपए देंगे। ये रेवड़ी नहीं तो क्या यह पापड़ है। 2500-2500 रुपए बाद में दे देना, पहले हमारे 15 लाख रुपए तो दे दो। पहले वो काला धन तो ले आओ। दो करोड़ नौकरियां तो दे दो। नए वादे कर रहे हैं। इनके पास पैसे तो बहुत हैं। अगर ये आपको पैसे देने आएं तो इन्हें मना मत करना। घर में आई लक्ष्मी वापस नहीं लौटाते। ये आपका ही लूटा हुआ पैसा है। इसने पैसे ले लेना, लेकिन 5 फरवरी को पोलिंग बूथ पर जाकर झाड़ू का बटन दबा देना।

Share post:

Visual Stories

Popular

More like this
Related