रामपुर, 26 अक्टूबर: तीन दिवसीय प्रवास पर रामपुर पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज मीडिया से बातचीत में कांग्रेस और उसके बिहार गठबंधन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि चुनावी संग्राम में सामंती सुल्तानों की हड़बड़ी, जलेबी की रील और जुगाड़ की डील चुनावी गणित को उलझा सकती है। नकवी ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का गठबंधन अब कटुता और कपट के कबाड़खाने में बदल चुका है, जिसमें सत्तालोलुप मतभेद ज्यादा हैं।
नकवी ने स्पष्ट किया कि गठबंधन का मूल आधार राजनीतिक समझ होना चाहिए, सनक नहीं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्ण बहुमत मिलने के बावजूद भी गठबंधन धर्म निभाया, जबकि कांग्रेस को अवसर मिले तो वह अपने सहयोगियों को किनारे कर देती।” उन्होंने दावा किया कि मोदी फोबिया ने कांग्रेस को सीमित कर दिया है और कभी पूरे देश में फैली पार्टी अब मुहल्ले की महंगी पार्टी बन गई है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कुछ छद्म सेक्युलर नेताओं ने मुसलमानों के बीच भाजपा को अछूत बताने की कोशिश की, जिससे उनका सशक्तिकरण प्रभावित हुआ। नकवी ने कहा, “थोक में वोट लेने वालों ने फुटकर में भला नहीं किया, भाजपा ने वोट की कंजूसी के बावजूद किसी के विकास में कमी नहीं रखी।” नकवी ने मुसलमानों को भय और भ्रम से बाहर निकलने तथा भाजपा के प्रति बने कृत्रिम डर को खत्म करने की सलाह दी।
मुख्तार अब्बास नकवी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 2027 का चुनाव भाजपा के सुशासन का गवाह बनेगा और सत्तालोलुप गठबंधनों की राजनीति फिर विफल होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा का विजय रथ आगे बढ़ता रहेगा।
रामपुर प्रवास के दौरान नकवी ने वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. के.बी. माथुर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता के पिता, एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू सैनी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। इसके पश्चात वे विधायक आकाश सक्सेना द्वारा आयोजित दीवाली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए और भाजपा नेताओं के साथ आगामी चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, विधायक आकाश सक्सेना, सुनीता सैनी, राकेश मिश्रा, अभय गुप्ता, भारत भूषण गुप्ता, महासिंह राजपूत समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- राहुल गांधी दिल्ली की झुग्गी में पहुंचे; बोले—ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे, सिस्टम से भी हिसाब होगा

- JMI Climbs to 334th Globally in UI GreenMetric 2026; Rises 42 Places, 13th in India

- दिल्ली: PWD इंजीनियरों की शिकायत पर AAP विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ FIR दर्ज

- ईरान: होर्मुज जलडमरूमध्य देश के सम्मान और गरिमा का प्रतीक-मोजतबा खामेनेई

- उज्जैन: सड़क चौड़ीकरण को लेकर 600 साल पुरानी शाही मस्जिद के हिस्से पर कार्रवाई, तनाव के बाद झड़पें

