रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री यदि कोई गलत कार्य करेंगे, तो संविधान स्वतः कार्रवाई करेगा। इसके लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में जल्द ही जंगलराज का अंत होगा।
मौर्य सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद थे, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मंच से जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने देश और प्रदेश में विकास की नई राह की उम्मीद जताई।
विपक्षी दलों पर दुष्प्रचार का आरोप
डिप्टी सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में विपक्षी दलों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर गलत प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, बसपा, सपा और टीएमसी ने वर्षों पहले घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में जोड़कर वोट बैंक बनाया था। भाजपा अब ऐसे फर्जी नामों को हटाने का अभियान चला रही है। मौर्य ने चेतावनी दी कि 2027 में भी कांग्रेस, सपा और बसपा जैसे दल देश में दिखाई नहीं देंगे।
बिहार में NDA की जीत पर प्रतिक्रिया
बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर यूपी के उपमुख्यमंत्री ने जनता को धन्यवाद दिया और कहा कि इस जीत से सैफई परिवार और आजम परिवार में मातम सा माहौल है। आजम खान को लेकर उन्होंने कहा, “जो जैसा करेगा, वैसा भरेगा।”
कानून व्यवस्था और संवैधानिक कार्रवाई पर विशेष जोर
मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक विधेयक संसदीय समिति के पास भेजा गया है, जिसके तहत प्रधानमंत्री सहित किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा गलत कार्य करने पर संविधान कठोर कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब फर्जी डिग्री, फर्जी पैन कार्ड और अवैध जमीन कब्जाने वाले बच नहीं पाएंगे।
समाजवादी पार्टी के एक विधायक द्वारा वंदे मातरम का विरोध करने पर मौर्य ने कहा कि वंदे मातरम देश का गुरु मंत्र है, जिसने अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया था।
विपक्षी नेताओं पर तंज़
अपने संदेश में मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव देश की प्रगति बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल राजनीति में अपराधीकरण और तुष्टिकरण का रास्ता अपना रहे हैं, जिससे देश की जड़ों को कमजोर किया जा रहा है।
जनसभा के पश्चात उपमुख्यमंत्री ने पदयात्रा की और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने जिले में चल रहे निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
- अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात की, बोले- ‘आज़म थे, आज़म हैं, आज़म रहेंगे’

- ओपी राजभर का बड़ा बयान: ‘पैसा कमाया अखिलेश यादव ने और जेल गए आजम खान’

- फर्जी शिकायत से मतदाता का नाम कटवाने पर एक साल तक जेल और जुर्माना

- अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को रामपुर दौरे पर: जेल में आजम खान से करेंगे मुलाकात, परिवार से भी मिलेंगे

- स्वार विधायक शफीक अंसारी की वाल्मीकि समाज पर टिप्पणी विवाद: विरोध के बाद माफी, लेकिन सवाल बना

