काशीपुर/उधम सिंह नगर( राबिया शेख़): जनपद उधम सिंह नगर के काशीपुर अंतर्गत महुआखेड़ागंज में हुई युवती महविश की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। फिल्मी अंदाज में अवैध तमंचा देखने और उसके साथ खेलने की जिद ही महविश की मौत का कारण बन गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
तमंचे के साथ खेल रही थी युवती, छीनाझपटी में चली गोली
पुलिस जांच में सामने आया कि बीए की पढ़ाई पूरी कर चुकी महविश पड़ोसी साजिद के घर गई थी। वहां उसने साजिद की बेटी (अपनी सहेली) से घर में रखा अवैध तमंचा देखने की जिद की। सहेली के तमंचा लाकर देने पर महविश उसे हाथ में लेकर लहराने लगी और फिल्मी अंदाज में परिजनों की तरफ तानकर खेलने लगी।
जब सहेली ने उससे तमंचा वापस लेने का प्रयास किया, तो दोनों के बीच छीनाझपटी शुरू हो गई। इसी दौरान अचानक तमंचे से गोली चल गई, जो सीधे महविश की कनपटी पर जा लगी। अत्यधिक खून बह जाने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
साक्ष्य छिपाने और शव हटाने की कोशिश
घटना के बाद आरोपी साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने फर्श पर पड़े खून के धब्बों को साफ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी साजिद ने घटनास्थल बदलने की नीयत से शव को अपने घर से उठाकर मृतका के घर पहुंचा दिया।
मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन की तहरीर पर 11 सितंबर को कोतवाली आईटीआई में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 12 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर अलीगंज रोड से तीन नामजद आरोपियों—साजिद, सबीना और फिजा—को गिरफ्तार कर लिया।
खेतों की सुरक्षा के लिए खरीदा था तमंचा
पूछताछ के दौरान आरोपी साजिद ने स्वीकार किया कि वह पेशे से किसान है और रात में फसलों की सिंचाई के दौरान जंगली जानवरों से बचाव के लिए उसने करीब छह माह पूर्व जमील नामक व्यक्ति से यह 12 बोर का तमंचा खरीदा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
- बदायूं में रिश्ते का कत्ल: शराब के नशे में पिता ने कुल्हाड़ी से काटकर की बेटे की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

- बदायूं में नशेबाज युवक का हाईवे पर हाई वोल्टेज ड्रामा: बीच सड़क पर बैठकर किया हंगामा, लगा लंबा जाम

- बदायूं: बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन में 70.67% मतदान, शांतिपूर्ण संपन्न हुई वोटिंग

- मुरादाबाद में MLC चुनाव: मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

- एमएलसी चुनाव: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का बड़ा दावा- यूपी की सभी 11 सीटें एकतरफा जीतेगी बीजेपी

