बिश्केक/नई दिल्ली: संघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन के दौरान किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस उच्चस्तरीय मुलाकात के दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व और उनके “व्यक्तिगत ध्यान” की जमकर सराहना की।
विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी
बैठक की शुरुआत करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, “हमारे संबंध ‘विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ के सिद्धांतों पर मजबूत हो रहे हैं। इसमें आपके (पीएम मोदी) व्यक्तिगत ध्यान और हमारे बीच कायम मैत्रीपूर्ण व घनिष्ठ संबंधों का बहुत बड़ा योगदान है।” पुतिन ने कहा कि दोनों देश अगले साल अपने राजनयिक संबंधों की 80वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहे हैं।
‘अनंत युद्ध से युद्ध के अंत की ओर बढ़ें’ – पीएम मोदी
वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शांति और संवाद का बड़ा संदेश दिया। यूक्रेन संघर्ष का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “युद्ध में बीता हर दिन मानवता को पीछे धकेलता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम उम्मीद जगाता है। हमें अनंत युद्ध के दौर से निकलकर ‘युद्ध के अंत’ की ओर बढ़ना होगा। बुद्ध और गांधी की धरती का संदेश हमेशा शांति का ही रहा है।” पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत शांति के लिए किए जाने वाले सभी प्रयासों का समर्थन करता है।
आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में प्रगति
बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कृषि, उर्वरक और शिक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की।
- व्यापार और शिक्षा: राष्ट्रपति पुतिन ने बताया कि 2026 की पहली छमाही में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार में 2.6% की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा, रूस में पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है और यह आंकड़ा अब लगभग 40,000 तक पहुंच गया है।
- पर्यटन और संस्कृति: दोनों देशों के बीच पर्यटन में 16% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए निमंत्रण
प्रधानमंत्री मोदी ने सितंबर में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन को औपचारिक निमंत्रण दिया। पुतिन ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए सम्मेलन में शामिल होने की बात कही।
द्विपक्षीय वार्ता के समापन के बाद दोनों नेताओं के बीच की घनिष्ठता उस समय भी देखने को मिली जब दोनों एक ही गाड़ी में सवार होकर बिश्केक एरिना में आयोजित ‘वर्ल्ड नोमैड गेम्स’ के उद्घाटन समारोह के लिए रवाना हुए।
- यमन: हौथी विद्रोहियों का बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य पर पूर्ण नियंत्रण का दावा; राष्ट्रपति अलीमी ने जताई वैश्विक व्यापार संकट की आशंका

- ईरान संकट गहराने से कच्चे तेल में बड़ा उछाल: ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर के पार, भारत समेत दुनिया भर में बढ़ सकती है महंगाई

- मिस्र: टीवी एंकर सारा खलीफा को ड्रग्स तस्करी मामले में मौत की सजा, अदालत में फूट-फूटकर रोईं

- पीएम मोदी का ‘व्यक्तिगत ध्यान’ भारत-रूस विशेष रणनीतिक साझेदारी को दे रहा मजबूती: व्लादिमीर पुतिन

- एकता और विविधता दोनों ही भारत के डीएनए में बसी हैं: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत

- प्रधानमंत्री मोदी उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना; व्यापार, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग पर रहेगा जोर

