स्वार (रामपुर): जनपद रामपुर की नगर पंचायत नरपत नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद के चलते एक एडवोकेट ने अपने सगे साले पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में साला गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी हमलावर ‘अपना दल (एस)’ के स्थानीय विधायक का पूर्व प्रतिनिधि बताया जा रहा है।
थार गाड़ी से आया और दुकान में मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी एडवोकेट वसीम शेख का अपनी पत्नी के साथ पिछले 6-7 महीनों से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते वसीम शेख थार गाड़ी से अपनी ससुराल (नरपत नगर) पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले वहां एक दुकान में गाड़ी से जोरदार टक्कर मारी और फिर गाड़ी से उतरकर अपनी पिस्तौल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना का सीसीटीवी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह वसीम ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित साले ने बयां की खौफनाक दास्तां
फायरिंग के दौरान गोली लगने से घायल हुए सगे साले जीशान अली ने बताया:
“वसीम, उसका भाई नदीम और भांजा अदनान थार गाड़ी से आए और आते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जब उसने मुझ पर सीधा फायर किया, तो मैंने उसकी पिस्तौल पकड़ ली, जिससे वह गोली हवा में चल गई। लेकिन इसके बाद चली तीसरी या चौथी गोली मेरी टांग में जा लगी।”
जीशान अली ने अपनी बहन को लेकर बताया कि वसीम शेख उसकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था और उसे मार-पीटकर घर से निकाल दिया था, जिसका इलाज मुरादाबाद और हल्द्वानी से चल रहा था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वसीम खुद को इलाके का बाहुबली समझता है और पूर्व में तहसील परिसर व सरकारी विभाग में भी फायरिंग कर चुका है।
विधायक ने पहले ही कर दिया था निष्कासित
घटना के बाद इलाके में यह चर्चा तेज हो गई कि आरोपी वसीम शेख ‘अपना दल (एस)’ पार्टी के विधायक शफीक अहमद अंसारी का प्रतिनिधि है। हालांकि, विधायक के लेटर पैड से साफ हुआ है कि उन्होंने बीते 6 जून को ही जिले भर के अपने सभी जनप्रतिनिधियों और प्रतिनिधियों को पद से निष्कासित कर दिया था। ऐसे में वारदात के वक्त वह विधायक का अधिकृत प्रतिनिधि नहीं था।
पुलिस जांच में जुटी
गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे नरपत नगर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर (शिकायत) मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- नौकरी के नाम पर ठगी: फर्जी फर्म चलाकर बेरोजगारों को ठगने वाला एक और शातिर गिरफ्तार, 15,200 रुपये बरामद

- कोल्हाई हत्याकांड: पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, आई-10 कार बरामद

- क्या एक मोबाइल की कीमत इंसान की जान से भी ज़्यादा है? बदायूं में किस्त के विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या

- बदायूं में नकली नोट छापने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश, 1.57 लाख के जाली नोटों के साथ 2 गिरफ्तार

- जरीफनगर में खेत पर काम कर रहे पिता-पुत्रों पर हमला, तीन घायल; पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप

- बदायूँ: खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला किसान का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; ट्रैक्टर चालक ने किया सरेंडर

- सहसवान में कथित अवैध अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, एसडीएम ने दिए जांच के आदेश

- बदायूं: दुकानदार पर हमला, बचाने आई मां की कार से रौंदकर हत्या; हाईवे पर ग्रामीणों का भारी हंगामा

