रामपुर: आम आदमी पार्टी ने फूंका बांग्लादेश सरकार का पुतला

0
195
Aam Aadmi Party burns effigy of Bangladesh government.
आम आदमी पार्टी ने फूंका बांग्लादेश सरकार का पुतला

बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर जुल्म के खिलाफ रामपुर में AAP का प्रदर्शन। शेख हसीना से दोस्ती खत्म कर बांग्लादेश को अडानी की बिजली सप्लाई बंद करें मोदी सरकार: फैसल लाला

रामपुर, 11 जनवरी 2026: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे संगठित अत्याचारों, भारत सरकार की चुप्पी तथा कूटनीतिक-व्यापारिक संबंधों पर तत्काल कठोर निर्णय की मांग को लेकर रविवार को रामपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला और जिला अध्यक्ष अंसार अहमद के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। AAP ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ लगातार हो रहे हमले, मंदिरों को निशाना बनाना, महिलाओं व बच्चों पर बर्बरता तथा भय के माहौल में जबरन पलायन की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। इससे भी अधिक पीड़ादायक यह है कि इन गंभीर घटनाओं पर भारत की केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

AAP का स्पष्ट मत है कि भारत जैसे लोकतांत्रिक राष्ट्र को पड़ोसी देश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचारों पर मौन नहीं साधना चाहिए, बल्कि कूटनीतिक, आर्थिक व अंतरराष्ट्रीय शक्ति का प्रयोग कर पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। सरकार की चुप्पी से अत्याचारियों का मनोबल बढ़ रहा है।

पार्टी की मांग:

  • भारत-बांग्लादेश के सभी व्यापारिक व कूटनीतिक संबंध तत्काल समाप्त किए जाएं, जब तक बांग्लादेश सरकार हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की गारंटी न दे।
  • अडानी समूह द्वारा बांग्लादेश को दी जा रही बिजली की आपूर्ति तुरंत रोकी जाए।
  • बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत में दिए जा रहे संरक्षण पर प्रधानमंत्री कड़ा निर्णय लें, क्योंकि इससे वहां हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बढ़ रही है।

इस प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष अंसार अहमद, मामून शाह खां, सभासद मोहम्मद जफर, यासीन उर्फ गुड्डू खां, सरफराज गुड्डू, आरिफ सिकंदर राजू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।