मैनपुरी(सिराज हुसैन): प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन-शिकायतों की सुनवाई के दौरान अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के संवेदनशील और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए दफ्तरों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
सड़कों की जर्जर स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि हालिया बारिश से शहर और ग्रामीण इलाकों के कई मार्गों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं तथा पूर्व में किया गया पैचवर्क उखड़ चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि अब मौसम निर्माण कार्यों के अनुकूल है, इसलिए सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम तत्काल शुरू किया जाए। मुख्य मार्गों पर कराए गए पैचवर्क की कम से कम दो-दो सड़कों की औचक तकनीकी जांच (टेक्निकल ऑडिट) कराई जाए। यदि जांच में कार्य घटिया या मानक के विपरीत पाया जाता है, तो संबंधित ठेकेदारों को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट किया जाए।
बारिश व चक्रवात से हुए नुकसान की भरपाई के निर्देश
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश और चक्रवात से जनहानि, पशुहानि, फसलों के नुकसान और मकानों की क्षति हुई है। प्रशासन तत्काल आकलन कर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए। साथ ही, जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त बिजली के पोल, ट्रांसफॉर्मर, सड़कें और संपर्क मार्ग प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराए जाएं।
जल निकासी, सफाई और एंटी-लार्वा का छिड़काव
जलभराव वाले इलाकों से पानी की तत्काल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अक्टूबर माह वेक्टर जनित बीमारियों के लिहाज से संवेदनशील है। पानी निकलने के बाद क्षेत्रों में साफ-सफाई, एंटी-लार्वा का छिड़काव और नियमित फॉगिंग कराई जाए। संबंधित विभाग आपस में समन्वय बनाकर झाड़ियों की कटाई और जागरूकता अभियान चलाएं।
खाद की कालाबाजारी पर रोक और किसानों को राहत
किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वाले या यूरिया-डीएपी के साथ अन्य उर्वरक जबरन बेचने (टैगिंग करने) वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
- बदायूं: बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन में 70.67% मतदान, शांतिपूर्ण संपन्न हुई वोटिंग

- मुरादाबाद में MLC चुनाव: मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

- एमएलसी चुनाव: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का बड़ा दावा- यूपी की सभी 11 सीटें एकतरफा जीतेगी बीजेपी

- बदायूँ में भीषण जाम से मिलेगी मुक्ति: जिला प्रशासन ने बनाई विशेष समिति, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का होगा सर्वे

- बदायूं में अवैध खनन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाइड्रा जब्त

