मुरादाबाद: मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के वरिष्ठ सदस्य मज़ाहिर ख़ान ने ईद के पावन अवसर पर हुई सूर्य चौहान की निर्मम हत्या पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को न केवल मानवीय मूल्यों के खिलाफ बताया, बल्कि इसे ‘विश्वासघात’ की एक घिनौनी मिसाल करार दिया।
‘यह दोस्ती और इस्लाम दोनों के साथ विश्वासघात है’
वीडियो संदेश में मज़ाहिर ख़ान ने कहा कि एक बच्चे ने अपने दोस्तों पर भरोसा किया और उनके बुलाने पर ईद के दिन उनके घर पहुंचा, लेकिन वहां उसके साथ छल किया गया। उन्होंने कड़े शब्दों में इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा:
“इस्लाम कभी इस बात की इजाजत नहीं देता कि आप किसी को अपने घर बुलाएं और उसकी निर्मम हत्या कर दें। यह हरकत न केवल दोस्ती के साथ, बल्कि इस्लाम के सिद्धांतों के साथ भी एक बड़ा विश्वासघात है।”
सरकार और समाज से अपील
मज़ाहिर ख़ान ने समाज के जिम्मेदार लोगों, चाहे वे धार्मिक मुस्लिम नेता हों या राजनीतिक, से अपील की है कि वे इस मामले में शासन और प्रशासन का पूरा सहयोग करें ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। उन्होंने पुलिस द्वारा किए गए एनकाउंटर को सही ठहराते हुए मांग की कि घटना में शामिल बाकी चार आरोपियों को भी जल्द से जल्द पकड़कर सख्त सजा दी जाए।
सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी की व्यवस्था करने का सुझाव
इस तरह की अप्रिय घटनाओं और विवादों को रोकने के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश और भारत सरकार से एक महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह कई अरब देशों में कुर्बानी के लिए एक निश्चित और सुरक्षित स्थान तय किया जाता है और घरों में कुर्बानी देने पर रोक होती है, वैसी ही व्यवस्था भारत में भी लागू होनी चाहिए। सरकार को ‘सामुदायिक केंद्रों’ (Community Centers) का निर्माण करना चाहिए ताकि लोग वहीं जाकर सामूहिक रूप से कुर्बानी दे सकें।
पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हो मुस्लिम आवाम
मज़ाहिर ख़ान ने अंत में सूर्य चौहान के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पूरी मुस्लिम आवाम से अपील की कि वे इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार और समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हों और ऐसे धोखेबाजों के खिलाफ एकजुट हों।
गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर
बतादें कि इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने खोड़ा इलाके में बकरा-ईद (बकरीद) के दिन हुई सूर्य चौहान की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है।
पुलिस ने असद को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था, लेकिन इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में असद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मज़ाहिर ख़ान ने भी पुलिस द्वारा किए गए इस एनकाउंटर को सही ठहराते हुए मामले में शामिल अन्य आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
- जेवर एयरपोर्ट का ऐतिहासिक आगाज़: 172 किसानों ने भरी पहली उड़ान, अब लखनऊ में करेंगे मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात

- UP Electricity Rate Hike: यूपी में बिजली का तगड़ा झटका! जून से 10% तक महंगा होगा बिल, जानें क्या है वजह

- यूपी: हमीरपुर में भीषण तूफान का कहर, निर्माणाधीन पुल ढहने से 6 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी

- प्रयागराज: सीवर खुदाई में मिट्टी ढहने से 45 वर्षीय मजदूर की मौत, कई घंटे बाद शव बरामद

- नोएडा में हिंसक प्रदर्शन के बाद यूपी सरकार का फैसला, गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में बढ़ी न्यूनतम मजदूरी

- हाईकोर्ट में आज श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद पर अहम सुनवाई, 18 मुकदमों का फैसला तय

- योगी के खिलाफ़ विवादित पोस्ट करने पर सपा नेता आईपी सिंह के खिलाफ FIR

- रामपुर में ‘आज़म युग’ का अंत? अखिलेश यादव ने बिछाई नई बिसात, पूर्व बसपाई दलित चेहरे पर लगाया दांव

