पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 1 नवंबर की देर रात आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ गैंगरेप हुआ था। आधी रात को लड़की अपने एक दोस्त के साथ टहल रही थी तभी बाइक सवार तीन दरिंदों ने बंदूक के दम पर इस सनसनीखेज़ वारदात को अंजाम दिया था।
अब क़रीब दो महीने पहले हुई बीएचयू परिसर में आईआईटी बीएचयू की बीटेक की छात्रा से बंदूक के दम पर गैंगरेप मामले के तीनों आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं। तीनों आरोपी कुणाल पांडे, सक्षम पटेल और आनंद उर्फ अभिषेक चौहान बीजेपी से जुड़े निकले हैं और बीजेपी आईटी सेल के पदाधिकारी थे। कांग्रेस पार्टी ने उनकी गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठाया है।
नवजीवन में छपी खबर के अनुसार ट्विटर समेत तमाम सोशल मीडिया पर दो आरोपी कुणाल पांडे और सक्षम पटेल के बीजेपी आईटी सेल से जुड़े होने का पुख्ता सबूत भी वायरल हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर 20 अगस्त 2021 का एक लेटर वायरल हो रहा है, जिसे खुद कुणाल पांडे ने सोशल मीडिया पर डाला था। ये बीजेपी वाराणसी के लेटरहेड पर आईटी सेल के कार्यकर्ताओं की लिस्ट है। इसमें कुणाल पांडे को महानगर वाराणसी आईटी सेल का संयोजक बताया गया है। इस लेटर हेड पर उसने खुद साइन किया हुआ है। जबकि सक्षम पटेल सह संयोजक के रूप में है।
कांग्रेस ने इस मामले में गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठाया है। कांग्रेस ने कहा कि 2 महीने पहले बीएचयू कैम्पस में एक छात्रा का गैंगरेप हुआ। इस मामले को पहले दबाने की कोशिश की गई, जब दबाव बना तो जैसे-तैसे यूपी पुलिस ने एफआईआर लिखी। अब 60 दिन बाद इस घटना में शामिल 3 लोग पकड़े गए हैं। ये सभी बीजेपी के पदाधिकारी हैं। गिरफ़्तारी में देरी शायद इसी वजह से हुई होगी। कांग्रेस ने कहा कि ये सभी बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के बेहद करीबी हैं। बीजेपी में इतनी अच्छी पकड़ है कि पीएम मोदी से सीधे मिलते हैं। बीजेपी आईटी सेल में अच्छी पोजिशन पर हैं। यही है बीजेपी का चाल चरित्र चेहरा।
आईआईटी बीएचयू में बीटेक छात्रा से गैंगरेप के तीनों आरोपियों कुणाल पांडे, अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल की 30 दिसंबर की रात चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी हुई है। सभी आरोपी वाराणसी के रहने वाले हैं और पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बुलेट भी बरामद कर ली है। इनका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें तीनों बुलेट पर बैठे हुए हैं। घटना वाले दिन ये तीनों इसी बुलेट से आईआईटी कैंपस में घुसे थे और आधी रात में दोस्त के साथ टहल रही लड़की को बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया था। घटना के दौरान आरोपियों ने लड़की का वीडियो भी बना लिया था।

इस मामले में लड़की ने मैजिस्ट्रेट के सामने बयान दिया था, जिसके बाद 8 नवंबर की रात में वाराणसी पुलिस ने छेड़छाड़ वाले मामले में गैंगरेप और बंधक बनाने की धारा जोड़ी। घटना की अगली सुबह 2 नवंबर को बीएचयू के छात्रों में इस दरिंदगी की खबर आग की तरह फैल गई थी, जिसके बाद हजारों छात्र सड़क पर उतर आए थे और कैंपस में प्रदर्शन पर बैठ गए थे। बाद में पुलिस की ओर से कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद छात्रों ने अपना धरना खत्म किया था।
वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम ने ट्वीट कर मुख्यधारा मीडिया से सवाल किया है। उन्होंने ने लिखा है,”प्रधानमंत्री से लेकर योगी और नड्डा तक ऐसे लड़के कैसे पहुंचे? इनके इतने बड़े गुनाह के बाद भी किसी चैनल पर ये तस्वीरें चल रही हैं क्या ? इनके फोटो दिखाकर कोई ‘ राष्ट्रवादी एंकर ‘ बीजेपी से सवाल पूछ रहा है क्या ?
सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने भी इस गिरफ़्तारी को लेकर बीजीपी पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है,”ये हैं भाजपा के दिग्गज नेताओं की छत्रछाया में सरेआम पनपते और घूमते भाजपाइयों की वो नयी फसल, जिनकी ‘तथाकथित ज़ीरो टॉलरेंस सरकार’ में दिखावटी तलाश जारी थी लेकिन पुख़्ता सबूतों और जनता के बीच बढ़ते गुस्से के दबाव में भाजपा सरकार को आख़िरकार इन दुष्कर्मियों को गिरफ़्तार करना ही पड़ा, ये वही भाजपाई हैं जिन्होंने बीएचयू की एक छात्रा के साथ अभद्रता की सभी सीमाएँ तोड़ दी थीं।
देशभर की एक-एक नारी देख रही है कि भाजपा नारी-सम्मान के साथ कैसा मनमाना खिलवाड़ कर रही है और महिला अत्याचार, उत्पीड़न और बलात्कार के आरोपियों को बचा रही है। आगामी चुनाव में महिलाएँ भाजपा को एक भी वोट नहीं देंगी। महिलाएँ ही भाजपा की हार का कारण बनेंगी। भाजपा का सच आज जनता के सामने है। जनता आगामी चुनाव में भाजपा को हराकर अपना फ़ैसला भी देगी और महिलाओं के साथ इंसाफ़ करेगी।”
- बदायूँ में भीषण जाम से मिलेगी मुक्ति: जिला प्रशासन ने बनाई विशेष समिति, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का होगा सर्वे

- बदायूं में अवैध खनन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाइड्रा जब्त

- बदायूं में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, कल 10 केंद्रों पर डाले जाएंगे वोट

- अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात की, बोले- ‘आज़म थे, आज़म हैं, आज़म रहेंगे’

- फ़ायरवर्क्स व्यापारियों ने सौंपा मुख्यमंत्री योगी को ज्ञापन, मिला उत्पीड़न न होने का आश्वासन

- Sadguru Shri Uday Singh Ji Maharaj Visits Ajmer Sharif Dargah, Receives Global Peace Award from Haji Syed Salman Chishty

