प्रदेश में अगर सांसद ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
रामपुर: आगरा लोकसभा क्षेत्र के सपा सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर पत्थरबाजी और टायर फेंककर किए गए जानलेवा हमले को लेकर रामपुर जिला पंचायत सदस्य और चमरौआ विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी मुस्तफा हुसैन ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है। अगर सांसद ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
मुस्तफा हुसैन ने कहा कि एक सुनियोजित साजिश के तहत एक साथ भारी मात्रा में टायर इकट्ठा कर हमला किया गया, जो साफ तौर पर आपराधिक मंशा को दर्शाता है। इस हमले में सांसद के काफिले की कई गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि यदि तत्काल कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो कानून व्यवस्था का पूरी तरह मजाक बन जाएगा और जनता का भरोसा प्रशासन पर से उठ जाएगा। मुस्तफा हुसैन ने घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
बतादें कि रविवार को रामजी लाल सुमन आगरा से बुलंदशहर की ओर जा रहे थे। उनका काफिला अलीगढ़ होते हुए गुजर रहा था, जिसमें लगभग 25 गाड़ियां शामिल थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही काफिला दोपहर के समय गोभाना टोल प्लाजा से आगे बढ़ा, वहां मौजूद युवकों ने टायर और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पत्थरबाजी में कई गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए। हमले से बचने के लिए काफिले की गाड़ियाँ तेज रफ्तार में दौड़ीं, जिससे आगे चलकर कई वाहन आपस में टकरा भी गए।
ग़ौरतलब है कि करणी सेना पहले ही चेतावनी दे चुकी थी कि यदि रामजी लाल सुमन अलीगढ़ से गुजरेंगे तो उन पर हमला किया जाएगा। हमले के बाद करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने बयान जारी कर कहा कि रामजी लाल सुमन ने राणा सांगा जैसे महापुरुष के खिलाफ अनुचित भाषा का प्रयोग किया है, जिससे पूरे क्षत्रिय समाज में आक्रोश है। दुर्गेश सिंह ने सवाल उठाया कि यदि उनका विरोध प्रदर्शन गलत है, तो रामजी लाल सुमन का बयान क्या सही था? उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सुमन सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध और हमले जारी रहेंगे।
- बदायूं: बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन में 70.67% मतदान, शांतिपूर्ण संपन्न हुई वोटिंग

- मुरादाबाद में MLC चुनाव: मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

- एमएलसी चुनाव: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का बड़ा दावा- यूपी की सभी 11 सीटें एकतरफा जीतेगी बीजेपी

- बदायूँ में भीषण जाम से मिलेगी मुक्ति: जिला प्रशासन ने बनाई विशेष समिति, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का होगा सर्वे

- बदायूं में अवैध खनन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाइड्रा जब्त

