बरेली(गुलरेज़ खान): रेलवे ट्रैक पर मिली मौलाना तौसीफ रजा की लाश के मामले ने अब नया रूप ले लिया है। बिहार से उनकी पत्नी तबस्सुम खातून सोमवार को बरेली जंक्शन पहुंचीं और जीआरपी थाने में हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर सौंपी।
तबस्सुम खातून ने जीआरपी थाने में दिए प्रार्थना पत्र में स्पष्ट कहा कि उनके पति की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेन के डिब्बे में कुछ लोगों ने तौसीफ के साथ मारपीट की और फिर उन्हें चलती ट्रेन से फेंक दिया।
वीडियो कॉल में मारपीट दिखी, फिर मोबाइल बंद
पत्नी के अनुसार, 26 अप्रैल की रात करीब 9:45 बजे तौसीफ ने फोन पर बताया कि ट्रेन में कुछ लोग उन्हें पीट रहे हैं। तबस्सुम ने तुरंत वीडियो कॉल की, जिसमें उन्होंने कई लोगों को पति के साथ मारपीट करते देखा। उन्होंने 30 सेकंड का ऑडियो और 2 मिनट 53 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद तौसीफ का मोबाइल बंद हो गया। अगली सुबह 9:30 बजे एक मैसेज मिलने पर फोन करने पर पुलिस ने उनकी गंभीर हालत बताई। बाद में परिजनों को मौत की सूचना दी गई। परिवार बरेली आया, कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव बिहार ले गया और अंतिम संस्कार किया।
परिवार का दावा: साजिशन हत्या, हादसा नहीं
परिवार बताता है कि तौसीफ घर के इकलौते कमाने वाले थे, उनकी मौत से सब बिखर गया। पत्नी का कहना है कि यह सामान्य हादसा नहीं, ट्रेन में मौजूद लोगों ने मारपीट कर हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि तहरीर पर जांच शुरू होगी, साक्ष्य मिले तो मुकदमा दर्ज कर दोषियों पर सख्ती की जाएगी।
- प्रयागराज: सीवर खुदाई में मिट्टी ढहने से 45 वर्षीय मजदूर की मौत, कई घंटे बाद शव बरामद

- नोएडा में हिंसक प्रदर्शन के बाद यूपी सरकार का फैसला, गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में बढ़ी न्यूनतम मजदूरी

- हाईकोर्ट में आज श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद पर अहम सुनवाई, 18 मुकदमों का फैसला तय

- योगी के खिलाफ़ विवादित पोस्ट करने पर सपा नेता आईपी सिंह के खिलाफ FIR

- रामपुर में ‘आज़म युग’ का अंत? अखिलेश यादव ने बिछाई नई बिसात, पूर्व बसपाई दलित चेहरे पर लगाया दांव

