बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां चंद सेकंड में ही मातम में बदल गईं। रविवार रात बारात के दौरान डीजे की रंगशाला ट्रॉली ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। तार छूते ही पूरी ट्रॉली में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
आधी रात को मची चीख-पुकार
यह दर्दनाक हादसा सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सादपुर गांव में रविवार रात करीब 12 बजे हुआ। गांव में बारात पूरे उत्साह के साथ निकल रही थी और लोग जश्न में डूबे थे। इसी दौरान डीजे की ऊंची रंगशाला ट्रॉली रास्ते में नीचे लटक रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। करंट लगते ही बारात के खुशियों वाले गीत पलभर में चीख-पुकार में बदल गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक युवक की मौके पर मौत, 5 झुलसे
इस हादसे में करंट की चपेट में आने से गांव के ही एक युवक आपिल यादव (पुत्र धर्मपाल यादव) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, श्री ओम समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
ग्रामीणों की सूझबूझ: हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई। इसके बाद लकड़ी और डंडों की मदद से झुलस रहे लोगों को करंट की चपेट से बाहर निकाला।
अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस
सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए CHC सहसवान में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि रास्ते में नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार और डीजे ट्रॉली की अधिक ऊंचाई इस बड़े हादसे की मुख्य वजह बनी। बिजली विभाग और डीजे संचालक की इस लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को ताउम्र के दर्द में बदल दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
- बदायूं: सड़क हादसे में घायल हाईस्कूल की छात्रा की इलाज के दौरान मौत, साइकिल जा रही थी तभी बाइक ने मारी थी टक्कर

- बदायूं में नशेबाज युवक का हाईवे पर हाई वोल्टेज ड्रामा: बीच सड़क पर बैठकर किया हंगामा, लगा लंबा जाम

- बदायूं: बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन में 70.67% मतदान, शांतिपूर्ण संपन्न हुई वोटिंग

- बदायूँ में भीषण जाम से मिलेगी मुक्ति: जिला प्रशासन ने बनाई विशेष समिति, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का होगा सर्वे

- बदायूं में अवैध खनन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाइड्रा जब्त

