“सत्ता हस्तांतरण तक वेनेजुएला का संचालन अमेरिका करेगा, हमारी तेल कंपनियां वहां जाएंगी”- डोनाल्ड ट्रंप

0
187
US expels South African ambassador
डोनाल्ड ट्रम्प, अमेरिकी राष्ट्रपति, फ़ाइल फ़ोटो

फ्लोरिडा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर एक बड़ा और आक्रामक बयान दिया है। फ्लोरिडा में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने साफ कहा कि सत्ता के औपचारिक हस्तांतरण तक अमेरिका ही वेनेजुएला का शासन संचालित करेगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि अमेरिकी तेल कंपनियां जल्द ही वेनेजुएला में अपना कामकाज शुरू करेंगी।

मादुरो को न्यूयॉर्क लाया जाएगा

राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोपों की घोषणा करते हुए जानकारी दी कि मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क स्थानांतरित किया जा रहा है, जहां उन पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी और उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

अमेरिकी सेना का ‘असाधारण ऑपरेशन’

ट्रंप ने इस पूरे घटनाक्रम को अमेरिकी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन बताया। उन्होंने कहा, “मेरे निर्देश पर अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला की राजधानी कराकस में एक असाधारण अभियान चलाया। यह अमेरिकी वायु, थल और जल शक्ति का शानदार प्रदर्शन था।”

उन्होंने ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि मादुरो और उनकी पत्नी को उनके बेडरूम से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब कराकस में पूरी तरह अंधेरा था और बिजली गुल थी।

सुलेमानी और बगदादी जैसा ही सटीक हमला

अपनी सेना की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा कि जिस तरह अमेरिका ने कासिम सुलेमानी और अल-बगदादी को निशाना बनाया था और ईरान की परमाणु सुविधाओं को नष्ट किया था, ठीक उसी सटीकता के साथ इस मिशन को भी अंजाम दिया गया। उन्होंने दावा किया कि दुनिया का कोई और देश इस तरह के कारनामे को अंजाम नहीं दे सकता था।