लखनऊ / रामपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री व कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव आगामी 22 अक्टूबर (बृहस्पतिवार) को रामपुर जिले के दौरे पर आ रहे हैं। अपने इस एकदिवसीय दौरे के दौरान अखिलेश यादव रामपुर जिला कारागार में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह आजम खान के जेल रोड स्थित आवास पर जाकर उनके परिजनों से भेंट करेंगे।
समाजवादी पार्टी के केंद्रीय कार्यालय (नई दिल्ली) की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, अखिलेश यादव के इस दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश शासन, पुलिस प्रशासन तथा नागरिक उड्डयन विभाग को आवश्यक सुरक्षा इंतजमात सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम (22 अक्टूबर 2026):
- सुबह 11:00 बजे: लखनऊ के अमौसी (चौधरी चरण सिंह) एयरपोर्ट से विशेष/प्राइवेट वायुयान द्वारा बरेली के लिए प्रस्थान।
- सुबह 11:45 बजे: बरेली एयरपोर्ट पर आगमन।
- सुबह 11:55 बजे: बरेली से प्राइवेट हेलीकॉप्टर द्वारा रामपुर के लिए उड़ान।
- दोपहर 12:20 बजे: रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में बने हेलीपैड पर लैंडिंग।
- दोपहर 12:30 बजे: जौहर यूनिवर्सिटी से कार द्वारा रामपुर जेल के लिए रवानगी।
- दोपहर 12:45 बजे: रामपुर जिला कारागार पहुंचकर पूर्व मंत्री आजम खान से मुलाकात (मुलाकात का समय लगभग 45 मिनट निर्धारित)।
- दोपहर 01:30 बजे: रामपुर जेल से आजम खान के आवास के लिए प्रस्थान।
- दोपहर 01:45 बजे: जेल रोड स्थित आजम खान के घर पहुंचकर उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात।
- दोपहर 02:30 बजे: आजम खान के आवास से जौहर यूनिवर्सिटी हेलीपैड के लिए रवानगी।
- दोपहर 02:55 बजे: जौहर यूनिवर्सिटी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा बरेली एयरपोर्ट के लिए उड़ान।
- दोपहर 03:20 बजे: बरेली एयरपोर्ट आगमन।
- दोपहर 03:30 बजे: बरेली एयरपोर्ट से विशेष वायुयान द्वारा लखनऊ के लिए प्रस्थान। शाम 04:15 बजे: अमौसी एयरपोर्ट, लखनऊ वापसी।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के निर्देश
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम द्वारा शासन को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि अखिलेश यादव को ‘जेड प्लस’ (Z+) श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इसके तहत रामपुर और बरेली पुलिस-प्रशासन को उनके काफिले के लिए बुलेटप्रूफ कार, जैमर और पुलिस एस्कॉर्ट सहित सख्त सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए अखिलेश यादव का रक्त समूह (Blood Group) ‘B-Positive’ दर्ज किया गया है।
राजनीतिक हलकों में अखिलेश यादव के इस रामपुर दौरे और आजम खान से मुलाकात को आगामी चुनावों व क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
- इलाहाबाद हाईकोर्ट: आज़म खान और अब्दुल्ला आज़म की सजा निलंबन याचिका पर सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित

- जौहर यूनिवर्सिटी केस: रिकॉर्ड की सत्यापित प्रतियां देने के निर्देश, 38 भवनों के ध्वस्तीकरण मामले में सुनवाई

- उत्तर प्रदेश में बड़ा पुलिस फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, ATS से लेकर SSF तक बदली जिम्मेदारियां

- यूपी में 34 आईएएस अधिकारियों का तबादला, 14 जिलाधिकारियों का भी फेरबदल

- गौशालाओं में क्रूरता और लापरवाही की शिकायत पर बड़ा एक्शन: बरेली मण्डल में उच्चस्तरीय जाँच के आदेश

