रुड़की (कलियर): उत्तराखंड के रुड़की से जुड़े पाकिस्तान कनेक्शन और करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी सोनम की बेहद करीबी सहेली पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे जम्मू-कश्मीर ले गई है। जांच एजेंसियों के हाथ इस मामले में कई अहम सुराग लगे हैं, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
MSC की छात्रा है आरोपी पूजा, सोनम से कॉलेज में हुई थी दोस्ती
मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार की गई पूजा MSC की छात्रा है और एक कॉलेज में बच्चों को पढ़ाने का काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात मुख्य आरोपी सोनम से हुई थी और दोनों में गहरी दोस्ती हो गई।
लगभग दो सप्ताह पहले जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कलियर थाना क्षेत्र के आसफनगर कोटा मुरादनगर गांव की रहने वाली सोनम को गिरफ्तार किया था, तब उसके पास से भारी मात्रा में सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, लैपटॉप और अन्य संदेहास्पद दस्तावेज बरामद हुए थे।
सोनम से पूछताछ और उसके डिजिटल फुटप्रिंट्स खंगालने के बाद ही पुलिस के रडार पर पूजा का नाम आया था।
सर्विलांस पर थी गतिविधि, बुधवार देर रात दी दबिश
सोनम की गिरफ्तारी के बाद से ही केंद्रीय और स्थानीय जांच एजेंसियां पूजा की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थीं। उसका फोन लगातार सर्विलांस पर था। पुख्ता सबूत मिलने के बाद बुधवार देर रात जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कलियर क्षेत्र में छापेमारी की और पूजा को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद गुरुवार को पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी दिखाई और कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई।
मामले पर क्या बोले एसएसपी? हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, “पूजा को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपनी कस्टडी में लिया है। स्थानीय पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई में उनका पूरा सहयोग किया। आगे भी जांच एजेंसी को जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।”
बढ़ सकता है जांच का दायरा, कई और संदिग्ध रडार पर
सूत्रों के अनुसार, करोड़ों रुपये के इस संदिग्ध ट्रांजेक्शन और पाकिस्तान से जुड़े संभावित नेटवर्क के तार काफी गहरे हैं। जांच एजेंसियों को पूछताछ में कुछ ऐसे इनपुट्स मिले हैं जिससे इस नेटवर्क का दायरा बढ़ता जा रहा है। फिलहाल पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल केस में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
- कोल्हाई हत्याकांड: पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, आई-10 कार बरामद

- क्या एक मोबाइल की कीमत इंसान की जान से भी ज़्यादा है? बदायूं में किस्त के विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या

- बदायूं में नकली नोट छापने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश, 1.57 लाख के जाली नोटों के साथ 2 गिरफ्तार

- जरीफनगर में खेत पर काम कर रहे पिता-पुत्रों पर हमला, तीन घायल; पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप

- बदायूँ: खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला किसान का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; ट्रैक्टर चालक ने किया सरेंडर

- सहसवान में कथित अवैध अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, एसडीएम ने दिए जांच के आदेश

- बदायूं: दुकानदार पर हमला, बचाने आई मां की कार से रौंदकर हत्या; हाईवे पर ग्रामीणों का भारी हंगामा

- मैनपुरी में 13 साल की किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, 5 माह की गर्भवती होने पर खुला मामला; जांच में जुटी पुलिस

