रामपुर: रामपुर रियासत के अंतिम शासक नवाब रजा अली खां की बेटी नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम का 92 वर्ष की आयु में अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में निधन हो गया। 29 अक्टूबर को गमगीन माहौल में वहीं उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके निधन से रामपुर के शाही परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
नवाबज़ादी महरून्निसा बेगम का जन्म 24 जनवरी 1933 को रामपुर में हुआ था। वह नवाब रजा अली खां की तीसरी पत्नी तलअत ज़मानी बेगम की पुत्री थीं।
बचपन में उन्होंने मसूरी और लखनऊ में शिक्षा प्राप्त की। उनकी पहली शादी भारतीय सिविल सेवा (ICS) से जुड़े सैयद तकी नक़ी से हुई थी, जबकि दूसरी शादी पाकिस्तान के पूर्व एयर चीफ मार्शल और राजदूत रहे अब्दुर्रहीम खां से हुई। 1977 में वे अमेरिका चली गईं, जहां इंटरनेशनल सेंटर फॉर लैंग्वेज स्टडीज में उर्दू और हिंदी की शिक्षिका के रूप में कार्यरत रहीं।
परिवार जनों के अनुसार, नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम के एक बेटे ज़ैन नक़ी और दो बेटियां ज़ेबा हुसैन व मरयम खान हैं। एक पुत्र आबिद खां का पूर्व में ही निधन हो चुका है। ज़ैन नक़ी अमेरिका में रहते हैं और उन्होंने अपनी मां की अंतिम समय तक सेवा की।
नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम, नवाब रजा अली खां की छह बेटियों में दूसरे क्रम की पुत्री थीं। उनसे पूर्व नवाबजादी खुर्शीद लका बेगम और नवाबजादी कमर लका बेगम का भी निधन हो चुका है। परिवार की अन्य बहनें नवाबजादी बिरजिस लका बेगम और नवाबजादी नाहीद लका बेगम दिल्ली में, जबकि नवाबजादी अख्तर लका बेगम लखनऊ में निवास करती हैं।
नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम के इंतकाल पर पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। अंतिम शासक की बहू और पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने भी उनके निधन पर शोक प्रकट किया है।
- जौहर यूनिवर्सिटी को चंदा देने और निर्माण कराने वाले ठेकेदार की होगी जांच, ईडी खंगाल रही रिकॉर्ड

- रामपुर नगर पालिका अध्यक्ष सना मामून की कार्यशैली से AAP नाराज़, लगाया भाजपा की कठपुतली बनने का आरोप

- रामपुर: दूसरी शादी को लेकर कोतवाली परिसर में भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने 8 लोगों को हिरासत में लिया

- रामपुर: ‘परिवार दूर है, पर अब रामपुर भी मेरा परिवार’— DM अजय कुमार द्विवेदी का भावुक पोस्ट, स्कूली बच्चियों से बंधवाई राखी

- आजम खान पर हुए हर जुल्म का बदला लेंगे, सरकार बनने पर अधिकारियों को भेजेंगे जेल: शिवपाल यादव

