चंडीगढ़, 7 मई: ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजीव कालरा ने देश की सुरक्षा तैयारियों, बदलती युद्ध तकनीकों और जनता की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने कहा कि एक भारतीय होने के नाते उन्हें इस अभियान की सफलता पर गर्व है। यह देश की सामूहिक तैयारी, समन्वय और जागरूकता का परिणाम था।
पूर्व डीजीपी संजीव कालरा ने कहा कि उन्होंने स्वयं देखा कि किस तरह विभिन्न विभागों ने मिलकर इस अभियान में भूमिका निभाई। अलग-अलग एजेंसियों और सुरक्षा बलों को पहले से सतर्क किया गया, उन्हें तैयार किया गया और समन्वय के साथ काम किया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल सुरक्षा एजेंसियों की नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की एकजुटता और तत्परता की उपलब्धि थी।
कालरा के मुताबिक, सुरक्षा चुनौतियां कभी समाप्त नहीं होतीं और तैयारी को कभी पूर्ण नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में तकनीक तेजी से बदल रही है और युद्ध का स्वरूप भी लगातार बदलता जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बड़े पैमाने पर ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल ने सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कीं, इसलिए भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयारियों को लगातार अपडेट करना होगा।
उन्होंने अपनी निजी यादें साझा करते हुए बताया कि वह फिरोजपुर के रहने वाले हैं और बचपन में 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान सायरनों की आवाज और लोगों को सतर्क किए जाने के दृश्य आज भी उनकी स्मृतियों में ताजा हैं। सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोग युद्ध और तनाव की परिस्थितियों को करीब से देखते हैं, इसलिए वहां सुरक्षा को लेकर स्वाभाविक सतर्कता रहती है।
कालरा ने कहा कि आज के समय में जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी हो गई है। आधुनिक युद्ध केवल सेना या पुलिस के स्तर पर नहीं लड़े जाते, बल्कि इसमें आम नागरिकों की जागरूकता और सहयोग भी अहम होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं।
जालंधर और अमृतसर में हाल ही में हुई धमाकों की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कालरा ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और इसकी भौगोलिक स्थिति इसे हमेशा संवेदनशील बनाती है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों से जुड़े खतरे भविष्य में भी बने रहेंगे, इसलिए पंजाब को हमेशा सतर्क रहना होगा।
उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब पुलिस हर चुनौती का सामना पूरी क्षमता और पेशेवर तरीके से करने की कोशिश कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
- ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से की मुलाकात, ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाकर सौंपे सबूत और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

- वरिष्ठ पत्रकार रज़ा रिज़वी पुनः प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य नियुक्त, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने दी बधाई

- ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर बिफरा ‘INDIA’ गठबंधन: पटना से हैदराबाद तक सड़क पर विपक्ष, चुनाव आयोग पर तीखा हमला

- ‘मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार ने देश को हाईजैक किया, यह देशद्रोह है’: इंडिया ब्लॉक के धरने में बरसे राहुल गांधी

- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, अभिजीत दिपके ने 10 अक्टूबर को दिल्ली कूच का किया ऐलान

- ज्ञानेश कुमार जाएंगे और जिस सिस्टम ने उन्हें बैठाया है, वह भी जाएगा: राहुल गांधी

- राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, शास्त्री जी को भी किया नमन

- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज मुंबई से CJP का आंदोलन, दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन; पुलिस ने नहीं दी अनुमति

